नशा मुक्त कोशी अभियान: तीन जिलों में तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
नशा मुक्त कोशी अभियान: तीन जिलों में तस्करों पर पुलिस का शिकंजा

नशा मुक्त कोशी अभियान: तीन जिलों में तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
विकास कुमार प्रभारी
एक सप्ताह में 81 तस्कर गिरफ्तार, 1046 लीटर से अधिक शराब, 306 ग्राम स्मैक और गांजा बरामद
सहरसा।
कोशी प्रमंडल को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा डॉ. कुमार आशीष के निर्देशन में चलाया जा रहा विशेष अभियान ‘नशा मुक्त कोशी’ लगातार सफलता हासिल कर रहा है। सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में पुलिस की कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। आम लोगों से मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कोशी प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 81 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इनमें अवैध शराब के कारोबार में शामिल 67 और गांजा व स्मैक जैसे सूखे नशे की तस्करी में शामिल 14 आरोपी शामिल हैं।
भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
एक सप्ताह के दौरान पुलिस ने 1046.26 लीटर अवैध शराब, 4.259 किलोग्राम गांजा, 306.44 ग्राम स्मैक और 17.45 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। इसके अलावा 11 मोटरसाइकिल, एक तीन पहिया वाहन, एक चार पहिया वाहन, छह मोबाइल, चार सिम कार्ड, दो हेलमेट और 49,710 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने वाली एक भट्ठी को भी ध्वस्त किया गया।
फरवरी से अब तक 1417 तस्कर गिरफ्तार
‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 से अब तक पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 51,263.275 लीटर अवैध शराब, 2354.97 लीटर अवैध कफ सिरप, 3978.516 किलोग्राम गांजा, 4443.592 ग्राम स्मैक, 8198 एमएल नशीला इंजेक्शन और 325 नशीली टैबलेट जब्त की जा चुकी हैं।
इसके अलावा तस्करों के पास से दो विदेशी पिस्टल, तीन देसी कट्टा, एक देसी मस्केट, तीन मैगजीन और 16 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अब तक 1417 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
नकदी और वाहनों समेत कई सामान जब्त
अभियान के तहत अब तक 53,33,624 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा जब्त की गई है। इसके अलावा 17 मोबाइल, छह चारपहिया वाहन, एक नाव, एक ट्रक, एक पासबुक, एक एटीएम कार्ड और लोहे की भट्ठी भी बरामद की गई है।
सूचना देने वालों को मिलेगा पुरस्कार
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, सामान्य संदेश या व्हाट्सऐप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। नागरिक नशा तस्करों के नाम-पते के साथ उनके ठिकाने की तस्वीर या वीडियो भी साझा कर सकते हैं। सटीक सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई होने पर सूचना देने वालों को डीआईजी द्वारा उचित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
Subscribe to my channel

