विश्व प्रसिद्ध पंपापुर-कोटितीर्थ का होगा कायाकल्प, डीएम ने किया निरीक्षण
विश्व प्रसिद्ध पंपापुर-कोटितीर्थ का होगा कायाकल्प, डीएम ने किया निरीक्षण

विश्व प्रसिद्ध पंपापुर-कोटितीर्थ का होगा कायाकल्प, डीएम ने किया निरीक्षण
– सड़क, रेलिंग, टीन शेड व पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश
चित्रकूट। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक महत्व के लिए विश्व प्रसिद्ध देवांगना घाटी स्थित पौराणिक कोटितीर्थ पंपापुर का जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि यह स्थल प्राकृतिक रूप से अत्यंत रमणीय और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि यहां मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाए तो यह देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इसी को देखते हुए उन्होंने आवागमन के जर्जर मार्ग के निर्माण, यात्रियों के लिए टीन शेड, पेयजल, नियमित साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय साधु-संतों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि पंपापुर देवांगना अति प्राचीन एवं सिद्ध तपोस्थली है। यहां जानकी कुंड नेत्र चिकित्सालय के संस्थापक पूज्य संत रणछोड़ दास जी महाराज ने वर्षों तक तपस्या की थी और इसी स्थान पर उन्हें सिद्धि प्राप्त हुई थी। वर्तमान समय में संत प्रेमदास जी महाराज यहां तपस्यारत हैं और देश-प्रदेश के लोगों के कल्याण की कामना में साधना कर रहे हैं।
जिलाधिकारी को बताया गया कि इस तपोस्थली पर प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। वहीं गुरु पूर्णिमा, प्रत्येक अमावस्या और विशेष रूप से दीपावली अमावस्या मेले के अवसर पर यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पहाड़ी के नीचे स्थित गुफा में सिद्ध बजरंगबली की प्रतिमा विराजमान है, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से मांगी गई मनोकामनाएं यहां अवश्य पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने पहाड़ी मार्ग के दोनों ओर रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नीचे से गुफा तक जाने वाली सीढ़ियों की मरम्मत कराने, यात्रियों के बैठने एवं भजन-कीर्तन की व्यवस्था के लिए टीन शेड का निर्माण कराने, नियमित सफाई अभियान चलाने और पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय श्रद्धालु योगेश जैन और सभासद शंकर यादव ने जिलाधिकारी को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के शीघ्र और गंभीरता से समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


