UPI टैक्स के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, जल शक्ति मंत्री के आवास पर किया अनोखा प्रदर्शन
UPI टैक्स के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, जल शक्ति मंत्री के आवास पर किया अनोखा प्रदर्शन

बांदा: UPI टैक्स के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, जल शक्ति मंत्री के आवास पर किया अनोखा प्रदर्शन
बांदा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपीआई पर लगाए गए नए शुल्क के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद के आवास पर जोरदार नारेबाजी की और 2000 रुपये की पूजन सामग्री भेंट कर अपना विरोध दर्ज कराया।
बांदा (न्यूज़ डेस्क)। योगेन्द्र प्रताप सिंह प्रभारी
केंद्र सरकार द्वारा UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) भुगतान पर कथित तौर पर लगाए जा रहे नए शुल्क के विरोध में बांदा में सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर, शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का हुजूम उत्तर प्रदेश शासन के जल शक्ति राज्य मंत्री एवं तिंदवारी विधायक रामकेश निषाद के इंदिरा नगर स्थित आवास पर पहुंचा और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अनोखे तरीके से जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “UPI टैक्स रोल बैक” और “कांग्रेस लाओ, देश बचाओ” के गगनभेदी नारे लगाए। विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेसियों ने एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने मंत्री रामकेश निषाद को ₹2000 मूल्य की पूजन सामग्री भेंट की, जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
व्यापारियों और गरीबों पर पड़ेगा सीधा असर: राजेश दीक्षित
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “डिजिटल इंडिया के नाम पर सरकार अब आम जनता की जेब काटने का काम कर रही है। UPI पर टैक्स लगाकर व्यापारियों और गरीब तबके पर सीधा आर्थिक बोझ डाला गया है।” उन्होंने मांग की कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को पहले की तरह पूरी तरह से मुफ्त और सरल-सुलभ रखा जाए और यह नया टैक्स तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
सड़क से सदन तक संघर्ष की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यह जनविरोधी फैसला वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
प्रदर्शन में ये प्रमुख कांग्रेसी रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष प्रो. संजय द्विवेदी, महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी, शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मोहन साहू, अंसार भाई सिद्दीकी, हेमंत वर्मा, बाबूराम यादव, शिवपूजन तिवारी, आरिफ निजामी, सुखलाल वर्मा, लालबाबू राजपूत सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel



