आगरा लाउडस्पीकर उतरवाने थाने पहुंचा भाजपा महिला मोर्चा

अरविंद कुमार श्रीवास्तव फिरोजाबाद रिपोर्ट
**भाजपाइयों संग हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
**ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ अवैध मांस की दुकानें बंद कराने की मांग
एत्मादपुर(आगरा)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के नेतृत्व में नगर के प्रमुख हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने धार्मिक स्थलों से तेज आवाज में बजने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) को उतरवाने और बिना लाइसेंस मांस बेचने वाली दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा की नगर उपाध्यक्ष श्रीमती सरला देवी सोलंकी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कस्बे में तेज ध्वनि से रात-दिन धार्मिक स्थलों से बज रहे लाउडस्पीकर एवं अवैध रूप से खुलीं बूचड़खाने की दुकानों को तत्काल बंद कराया जाए। भाजपा नेता श्याम सोलंकी ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं, वहीं एत्मादपुर में बिना किसी रोक-टोक की बजाए जा रहे हैं। इन लाउडस्पीकरों की तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण हो रहा है। वहीं धार्मिक स्थलों के आसपास घरों में रहने वालों की रातों की नींद खराब होती है ।
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर में रोड किनारे खुले अवैध बूचड़खानों पर भी शिकंजा कसना अत्यंत जरूरी है। बूचड़खानों से महिलाओं के साथ अन्य लोगों को भी राह निकलने में परेशानी होती है। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष कृष्णवीर सिंह जादौन, मनमोहन त्यागी, नरेन्द्र सिंह चौहान, प्रथम सोलंकी, योगेन्द्र सोलंकी, प्रयाग सोलंकी आदि शामिल थे।

Subscribe to my channel


