गढवा ठंड से गोसांग गांव के डोमन रजवार की हुई मौत, बेटियों ने शव को दिया कंधा

झारखंड गढ़वा से दयानंद यादव की रिपोर्ट
कड़ाके की ठंड से गरीबों की मौत का सिलसिला शुरू हो गया है।
कांडी थाना क्षेत्र के गोसांग गांव निवासी 60 वर्षीय डोमन रजवार की मौत ठंड लगने से हो गई। यह घटना गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे की है। वे अत्यंत निर्धन परिवार से थे। उनके एक भी पुत्र नहीं है। उनकी केवल पांच बेटियां हैं। जिनमें दो की शादी हो गई है व शेष तीन अभी छोटी उम्र की हैं। बेटा व बेटी में कोई अंतर नहीं है यह लोगों को आज दिखाई पड़ा। डोमन की सभी बेटियों ने आज यह सिद्ध कर दिया। रोती-बिलखती बेटियां – 20 वर्षीया संजू, 15 वर्षीया रूबी व 10 वर्षीया सदी ने जब अपने पिता की अर्थी को अपने कंधों पर उठाकर चलीं तो पूरे गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं। छह वर्षीया अवेदी भी रोते हुए साथ जा रही थी। आज बेटियों ने बेटों का फर्ज अदा किया था। इस शव यात्रा में काफी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया। मृतक का अंतिम संस्कार पास के ही जरही नाला में किया गया। मुखाग्नि मृतक.के बड़े भाई मुंद्रिका रजवार ने दिया। बड़े भाई मुंद्रिका रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि डोमन को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक इकाई आवास मिला था। इसके अलावे आवास निर्माण के लिए उन्होंने समूह से 30 -30 हजार रुपए का दो लोन भी लिया था। अभी तक ऋण नहीं चुकाया गया था। डोमन की मौत हो जाने से पत्नी गुलबिया देवी सहित पूरे परिवार को काफी दिक्कत हो गई। परिवार के भरण पोषण के साथ लोन अब कौन चुकाने का बड़ा सवाल उत्पन्न हो गया। मृतक के बड़े भाई सहित ग्रामीणों ने लोन के पैसों को माफ कराए जाने की मांग की है।

Subscribe to my channel

