फिरोजाबाद विद्युत करंट लगने से जान गवा चुके युवक के परिवार की भाजपा नेता ने की आर्थिक मदद

अरविंद कुमार श्रीवास्तव फिरोजाबाद रिपोर्ट

शमसाबाद। कस्बा में दो दिन पूर्व एक युवक की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार को मृतक युवक के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे समाजसेवी व भाजपा नेता ने सहायता राशि देकर परिवारीजनों को सांत्वना दी।
जानकारी के मुताबिक रविवार देर शाम कस्बा के वार्ड नंबर 11 गोपालपुरा निवासी अतर सिंह घर के टीन शेड में लगे पंखे को ठीक कर रहा था, तभी अचानक अतर सिंह विद्युत करंट की चपेट में आ गया। अतर सिंह को विद्युत करंट से बचाने पहुंचे 27 वर्षीय छोटेलाल ने अपने भाई को तो बचा लिया और खुद विद्युत करंट की चपेट में आ गया। परिजन मामले को समझ पाते तब तक छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। छोटेलाल सविता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक छोटे लाल वर्मा और भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अवनीश कांत गुप्ता मृतक के परिवार में सांत्वना देने पहुंचे थे। मृतक छोटेलाल सविता के परिवार की आर्थिक स्थिति को समझते हुए भाजपा नेता अवनीश कांत गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान ओमप्रकाश बैजनाथ कोल्ड स्टोरेज के फंड से दस हजार रुपये की आर्थिक मदद की है। मृतक छोटेलाल के तीन बेटियां हैं जिनके ऊपर से पिता का साया उठ गया है। मृतक छोटेलाल के घर के सामने ही सरकारी विद्युत पोल लगा हुआ है, और मृतक के घर में टीन शेड लगा हुआ है। रविवार शाम को अचानक पंखे में फॉल्ट हो गया था। उसी दरमियान मृतक का भाई अतर सिंह पंखे को ठीक करने लगता है। अचानक पंखे में विद्युत करंट आ जाता है। और अतर सिंह को बचाने के लिए 27 वर्षीय मृतक छोटेलाल पहुंच जाता है। जद्दोजहद करके मृतक अपने भाई अतर सिंह को तो बचा लेता है लेकिन खुद विद्युत करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है।

Subscribe to my channel



