बिहार की तर्ज पर यूपी में भी लागू हो पूर्ण शराबबंदी: जेडीयू ने सीएम योगी को भेजा ज्ञापन
बिहार की तर्ज पर यूपी में भी लागू हो पूर्ण शराबबंदी: जेडीयू ने सीएम योगी को भेजा ज्ञापन

योगेन्द्र प्रताप सिंह प्रभारी बांदा 
बिहार की तर्ज पर यूपी में भी लागू हो पूर्ण शराबबंदी: जेडीयू ने सीएम योगी को भेजा ज्ञापन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
बांदा। उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने मुखर आवाज उठाई है। जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बबेरू के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान 300 से अधिक लोगों की मौजूदगी में बिहार मॉडल की तर्ज पर प्रदेश भर में शराब की बिक्री और निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बबेरू विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे बांदा जिले और राज्य भर में संचालित अवैध शराब की भट्टियों, जहरीली व मिलावटी शराब के धंधे पर तत्काल रोक लगाने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त, किराना दुकानों से होने वाली अवैध बिक्री, विद्यालयों और घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों के समीप खुली शराब की दुकानों को हटाने तथा गांजा, चरस व अफीम जैसे मादक पदार्थों के सिंडिकेट पर कठोर प्रशासनिक प्रहार करने की मांग रखी गई।
बढ़ते नशे से परिवार और युवा हो रहे बर्बाद: शालिनी सिंह पटेल
शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि नशे की लत से समाज का ताना-बाना बिखर रहा है। इससे सबसे अधिक प्रताड़ना महिलाओं को झेलनी पड़ती है, जबकि युवा पीढ़ी गर्त में जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी पूर्ण शराबबंदी की नीति लागू की जाए। साथ ही उन्होंने अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने, तस्करों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और युवाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हुए पदाधिकारी और ग्रामीण
इस मौके पर महिला जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति, अतर्रा महिला नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य, रामप्यारी देवी, गीता, जिला अध्यक्ष जुगुल पटेल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल चौधरी, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामरूप पटेल और किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रामभवन पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व प्रधान श्रवण पटेल (जुगरेहली), द्वारिका पटेल, सुभाष पटेल, विपिन पटेल, संजय पटेल, रामप्रकाश पटेल, भूरा निषाद, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष महबूब अली, रेनू, फूला, राजा बाई और राजपति सहित 300 से अधिक कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय नागरिकों ने ज्ञापन सौंपने के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
Subscribe to my channel


