गांधी जयंती पर रंगोली के जरिए बच्चों को POCSO एक्ट के प्रति किया जागरूक
गांधी जयंती पर रंगोली के जरिए बच्चों को POCSO एक्ट के प्रति किया जागरूक

गांधी जयंती पर रंगोली के जरिए बच्चों को POCSO एक्ट के प्रति किया जागरूक
मंडल प्रभारी गंगाप्रसाद करवरिया 
चित्रकूट। गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चित्रकूट इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर बच्चों की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रंगोली के माध्यम से POCSO एक्ट (लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012) की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार या लैंगिक अपराध की स्थिति में चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को बताया गया कि यदि उनके साथ अथवा किसी अन्य बच्चे के साथ गलत व्यवहार होता है तो इसकी जानकारी तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को दें। जरूरत पड़ने पर संबंधित सहायता व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी भी लेने के लिए कहा गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बच्चों को उनके अधिकारों और कानून के प्रावधानों की जानकारी देने के साथ जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से ‘बच्चों की सुरक्षा, सभी की जिम्मेदारी’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना रहा।
इस अवसर पर मुन्ना लाल विश्वकर्मा, कार्यक्रम संयोजक डॉ.मनोज द्विवेदी, सह संयोजक पंकज दुबे, बाढ़ संरक्षण समिति के सचिव राजेश दुबे, सभासद/ शिक्षक शंकर प्रसाद यादव, ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राकेश कुमार मौर्य तथा दिव्यांग विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. संध्या पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बच्चों को जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
Subscribe to my channel



